खटीमा, 15 नवंबर। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को खटीमा में अपने जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान सादगी और सहजता का परिचय देते हुए स्थानीय बाजार में खरीदारी की। छठ पूजा पर्व से लौटते समय मुख्यमंत्री मेलाघाट रोड स्थित प्रदीप एंड कंपनी की दुकान पर पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी माता जी के लिए साड़ी खरीदी।
मुख्यमंत्री का अचानक स्थानीय दुकान पर रुकना और आम ग्राहक की तरह खरीदारी करना वहां मौजूद दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों के लिए खास रहा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दुकान के स्वामी सहित अन्य स्थानीय व्यापारियों से बातचीत की और उनके व्यापारिक हाल-चाल की जानकारी ली। उन्होंने व्यापारियों से उनके कारोबार तथा स्थानीय बाजार की गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने स्थानीय प्रतिष्ठान से खरीदारी कर स्थानीय व्यापार, छोटे दुकानदारों और लघु व्यवसायियों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। उनकी इस पहल से ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान की भावना को भी बल मिला। स्थानीय दुकानों से खरीदारी करने से छोटे व्यापारियों को आर्थिक संबल मिलता है और स्थानीय बाजारों में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है।
मुख्यमंत्री की इस आत्मीय पहल से दुकान के स्वामियों और आसपास मौजूद व्यापारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री की सहजता और स्थानीय बाजार के प्रति उनके जुड़ाव को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की।
मुख्यमंत्री द्वारा अपनी माता जी के लिए स्थानीय दुकान से साड़ी खरीदना एक पारिवारिक आत्मीयता के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों को प्रोत्साहित करने का संदेश भी बना।