मुख्यमंत्री धामी ने किया 74वें गौचर मेले का भव्य शुभारंभ, 32.45 करोड़ की पेयजल योजना सहित दो परियोजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री धामी ने किया 74वें गौचर मेले का भव्य शुभारंभ, 32.45 करोड़ की पेयजल योजना सहित दो परियोजनाओं का लोकार्पण

गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक : मुख्यमंत्री

सिमली अस्पताल के विषय के समाधान के लिए शीघ्र गठित होगी कमेटी, प्रेस क्लब भवन निर्माण पर भी दिया सकारात्मक आश्वासन

स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ : धामी

पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ललित प्रसाद लखेड़ा और कीर्ति नवानी सम्मानित

गौचर और गैरसैंण की पेयजल व्यवस्था होगी मजबूत, मुख्यमंत्री ने किया करोड़ों की योजनाओं का लोकार्पण

गौचर। उत्तराखंड की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक विरासत के प्रतीक 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर सात दिवसीय मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान गौचर का माहौल लोक संस्कृति, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और उत्साह से सराबोर नजर आया। मुख्यमंत्री के गौचर पहुंचने पर स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और आयोजन समिति की ओर से बैंड की मधुर धुनों, पुष्पमालाओं और पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत गौचर मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ की। इस अवसर पर स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को मेले का शुभंकर भेंट कर उनका स्वागत किया।

 

मेले का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गौचर मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। इस मेले का इतिहास वर्ष 1943 से जुड़ा हुआ है, जब स्थानीय व्यापारियों, समाजसेवियों और तत्कालीन प्रशासन के सहयोग से इसकी शुरुआत भोटिया व्यापार मेले के रूप में हुई थी। उस दौर में गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का महत्वपूर्ण केंद्र हुआ करता था। यहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों और विभिन्न स्थानीय उत्पादों का व्यापार होता था। समय के साथ इस मेले का स्वरूप विस्तृत होता गया और आज यह औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के बड़े आयोजन के रूप में अपनी अलग पहचान स्थापित कर चुका है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के लिए अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का महत्वपूर्ण मंच है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ संकल्प को धरातल पर उतारने का सशक्त माध्यम भी है। ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने के साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि मेले हमारी लोक संस्कृति, लोक कला और पारंपरिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ समाज को आपस में जोड़ने का काम करते हैं। पीढ़ियों से चली आ रही इन परंपराओं को सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

 

चमोली की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक महत्ता का किया उल्लेख

 

मुख्यमंत्री ने चमोली जनपद की महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह जनपद भगवान बद्री विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और विश्वविख्यात चिपको आंदोलन की जन्मभूमि है। यहां की वीरभूमि ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अनेक वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, बेहतर संपर्क मार्ग, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड के युवाओं को अपने ही गांव और क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना है। कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित कर स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि की जा रही है, ताकि युवाओं को रोजगार की तलाश में अपने घर और गांव से पलायन करने के लिए मजबूर न होना पड़े। इसी उद्देश्य से सरकार पर्यटन नीति, होमस्टे नीति, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रही है।

 

‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ से स्थानीय उत्पादों को मिल रही वैश्विक पहचान

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली जनपद के ऊनी हस्तशिल्प, दालें, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों जैसे स्थानीय उत्पादों में देश-दुनिया के बड़े बाजारों तक पहुंचने की अपार संभावनाएं हैं। इन उत्पादों को व्यापक पहचान और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड की शुरुआत की गई है। इस ब्रांड का कारोबार अब तक छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल कारोबार का आंकड़ा नहीं, बल्कि प्रदेश की मातृशक्ति की मेहनत, आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानी है। इससे स्थानीय उत्पादकों, कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों को आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं।

 

चारधाम और रेल परियोजना से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार चमोली जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। चारधाम सड़क परियोजना के माध्यम से श्री बद्रीनाथ धाम तक सड़क संपर्क को बेहतर बनाया जा रहा है। वहीं, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी तेजी से काम किया जा रहा है। इस परियोजना के पूर्ण होने से पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी में व्यापक सुधार होगा। साथ ही पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिकी को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए वहां रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

 

सिमली अस्पताल के समाधान के लिए बनेगी कमेटी

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को भी गंभीरता से सुना। सिमली अस्पताल से जुड़े विषय पर उन्होंने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि इसके समाधान के लिए शीघ्र ही एक कमेटी गठित की जाएगी। कमेटी सभी संबंधित पक्षों को सुनकर विषय का समाधान तलाशेगी। इसके साथ ही क्षेत्र में प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर भी मुख्यमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि का चयन करने का आग्रह किया, ताकि भवन निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा सके।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है। इसके लिए विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के साथ ही राज्य की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय परंपराओं और जनभावनाओं का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने गौचर मेले में पहुंचे सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

 

दो वरिष्ठ विभूतियों को स्मृति सम्मान से किया सम्मानित

 

गौचर मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता, साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली दो वरिष्ठ विभूतियों को सम्मानित किया। पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ग्राम बमोथ, चमोली निवासी वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ प्रदान किया गया। वहीं, देहरादून स्थित बिनसर पब्लिकेशन के वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।

 

मुख्यमंत्री ने दोनों सम्मानित व्यक्तित्वों को बधाई देते हुए कहा कि पत्रकारिता, साहित्य और शिक्षा समाज को जागरूक करने तथा सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन क्षेत्रों में लंबे समय तक समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करने वाले व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं।

 

गौचर और गैरसैंण की पेयजल व्यवस्था को मिली नई मजबूती

 

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण से जुड़ी दो महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें अमृत 2.0 योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के विकासखंड कर्णप्रयाग में 32.45 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना शामिल है। इस योजना से गौचर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

 

इसके अलावा मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के विकासखंड गैरसैंण में 459.32 लाख रुपये की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्यों का भी लोकार्पण किया गया। इन दोनों योजनाओं के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को अधिक सुदृढ़ बनाने और स्थानीय नागरिकों को बेहतर पेयजल सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।

 

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

 

कार्यक्रम में चमोली जनपद के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, बलवीर घुनियाल, रमेश गड़िया, राम चन्द्र गौड़, माधव प्रसाद सेमवाल, प्रेम सिंह राणा, चन्द्रकला तिवारी, जिला सहकारी बैंक चमोली के अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्त्वाल, नगर पालिका परिषद गौचर के अध्यक्ष संदीप नेगी, ब्लॉक प्रमुख कर्णप्रयाग दीपिका मैखुरी, भाजपा महामंत्री अरुण मैठाणी, विनोद कनवासी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

इसके अलावा जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पत्रकार, व्यापारी, मेला आयोजन से जुड़े पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

 

74वें गौचर मेले के शुभारंभ के साथ ही अगले सात दिनों तक क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों, व्यापारिक प्रदर्शनियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय उत्पादों के विपणन से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन होगा। यह मेला एक बार फिर उत्तराखंड की समृद्ध परंपराओं, स्थानीय प्रतिभाओं और व्यापारिक विरासत को नई पहचान देने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *