मुख्यमंत्री ने 24 विकास योजनाओं का किया शिलान्यास और एक योजना का लोकार्पण, मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा
भारत-नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और व्यापारिक संबंधों का जीवंत प्रतीक है जौलजीबी मेला : मुख्यमंत्री
सीमांत क्षेत्रों का विकास राज्य सरकार की विशेष प्राथमिकता, सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर
जौलजीबी जैसे ऐतिहासिक मेले हमारी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं : मुख्यमंत्री
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को जनपद पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्र में काली एवं गोरी नदियों के पावन संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद को कुल 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 102.48 करोड़ रुपये की लागत वाली 24 विकास योजनाओं का शिलान्यास तथा 24 लाख रुपये की लागत से तैयार एक योजना का लोकार्पण शामिल है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जौलजीबी मेले के सफल आयोजन के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि ऐतिहासिक जौलजीबी मेला भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और सदियों पुराने व्यापारिक संबंधों का जीवंत प्रतीक है। यह मेला लंबे समय से दोनों देशों के नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक रूप से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम रहा है। भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच ऐतिहासिक व्यापारिक एवं सांस्कृतिक संबंधों में जौलजीबी मेले का विशेष स्थान रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सीमांत क्षेत्र की समृद्ध परंपराओं, लोकसंस्कृति और ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित रखने के साथ ही दोनों देशों के नागरिकों के बीच आत्मीय संबंधों को और मजबूत करने का कार्य करता है।
मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख विकास योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें 23.26 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ में नवीन राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस) का निर्माण, 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना से संबंधित कार्य, 36.10 करोड़ रुपये की लागत से खोतिला एवं घाटधार क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा योजना तथा 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर सेतु का निर्माण शामिल है। इन महत्वपूर्ण योजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन, पेयजल आपूर्ति और आपदा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने सड़क, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन, सिंचाई एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का भी शिलान्यास किया।
वहीं मुख्यमंत्री ने कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग एवं हिमालय दर्शन शेड से संबंधित कार्यों का लोकार्पण भी किया। इन सुविधाओं से स्थानीय लोगों के साथ-साथ क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को भी लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी संबोधित किया। उन्होंने जौलजीबी मेले के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, धारचूला विधायक हरीश धामी, नगर निगम पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल, भानुप्रताप सिंह पाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, संस्कृतिकर्मी तथा भारत एवं नेपाल के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।