देहरादून : प्रेमी की हत्या की साजिश

देहरादून : प्रेमी की हत्या की साजिश

देहरादून में प्रेम में धोखे से नाराज एक महिला ने अपने पूर्व प्रेमी की हत्या की साजिश रच डाली। महिला ने पांच लाख रुपये में शूटर को सुपारी देकर बैंककर्मी सत्यम कुमार को रास्ते से हटाने की कोशिश की। पटेलनगर क्षेत्र में सत्यम पर हुई फायरिंग के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी महिला, उसके साथी और मुठभेड़ में घायल शूटर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, महिला करीब पांच साल से सत्यम कुमार के संपर्क में थी। दोनों के बीच रिश्ते थे, लेकिन सत्यम की किसी दूसरी युवती से सगाई होने के बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई। इससे नाराज महिला ने सत्यम की हत्या की साजिश रची और इसके लिए शूटर को पांच लाख रुपये देने का सौदा किया। शूटर को एडवांस के तौर पर एक लाख 20 हजार रुपये भी दिए गए थे।

आरोप है कि आठ सितंबर को शूटर ने अपने साथी के साथ मिलकर बड़ोवाला इलाके में सत्यम पर फायरिंग की। गोली लगने से सत्यम घायल हो गया। वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के दोबारा देहरादून आने की सूचना मिली। 11 सितंबर की रात पटेलनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। भागने के दौरान आरोपी चाय बागान क्षेत्र में बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में शूटर अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला और उसके साथी मोहित को आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फरार आरोपी अंकुर की तलाश में लगातार दबिश और कॉम्बिंग अभियान चला रही है। मामले में पुलिस अब हत्या की साजिश, सुपारी की रकम और आरोपियों की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *