ऊधम सिंह नगर में 19 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपियों से तमंचे और कारतूस बरामद
रुद्रपुर। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में 19 वर्षीय युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, देर रात चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि इस दौरान संदिग्धों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने तीनों को दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को पुलिस सुरक्षा के बीच अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से गढ़वाल क्षेत्र की रहने वाली है और रुद्रपुर स्थित सिडकुल की एक कंपनी में काम करती है। शनिवार रात वह अपनी एक सहेली और दो दोस्तों के साथ भूरारानी रोड पर मौजूद थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और चारों को रोककर कथित तौर पर मारपीट करने लगे।
आरोप है कि तीनों युवक चारों को जबरन अपने साथ ले जाने लगे। रास्ते में मौका पाकर पीड़िता की सहेली और एक युवक चलती बाइक से कूदकर भाग निकले। हालांकि पीड़िता और उसका दूसरा साथी आरोपियों के कब्जे में रह गए।
जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पीड़िता और उसके साथी को काशीपुर फ्लाईओवर की ओर ले गए। कुछ दूरी पर उन्होंने युवक को भी छोड़ दिया। इसके बाद युवती को घने जंगल में ले जाकर उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
वारदात के बाद आरोपी युवती को गंभीर हालत में छतरपुर-भूरारानी निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास के पीछे झाड़ियों में छोड़कर फरार हो गए। युवती के लापता होने के बाद परिजनों और पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह घायल और बदहवास हालत में मिली। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया और उसका मेडिकल परीक्षण कराया।
पीड़िता के बयान और उसकी सहेली की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप, अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
चेकिंग के दौरान पुलिस से हुई मुठभेड़
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर और एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। जिलेभर में चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया जा रहा था।
सोमवार देर रात बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में पुलिस को बाइक सवार तीन संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस के अनुसार संदिग्धों ने टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
इस दौरान मुख्य आरोपी गुरबाज उर्फ मानु के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे उसके दो साथियों जोगा सिंह और रविंदर के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गुरबाज गदरपुर का रहने वाला है, जबकि जोगा सिंह और रविंदर रामपुर, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।
आरोपियों से हथियार बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी का रुद्रपुर जिला अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा में उपचार चल रहा है।
घटना के बाद एसएसपी अजय गणपति ने अस्पताल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को मामले की विवेचना तेजी से पूरी करने और साक्ष्यों के आधार पर मजबूत चार्जशीट तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आरोपियों के खिलाफ अदालत में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।