पद्मश्री जसपाल राणा को भावभीनी श्रद्धांजलि, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री धामी त्रयोदशी संस्कार में हुए शामिल

देश ने खोया एक महान निशानेबाज़, खेल जगत और उत्तराखंड को अपूरणीय क्षति

देहरादून। प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज़, पद्मश्री सम्मान से अलंकृत स्वर्गीय जसपाल राणा को बुधवार को उनके त्रयोदशी संस्कार के अवसर पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। देहरादून के मझौन स्थित उनके आवास पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने पहुंचकर स्वर्गीय जसपाल राणा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वर्गीय जसपाल राणा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि जसपाल राणा ने अपने असाधारण प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण से भारत को अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर गौरवान्वित किया। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

रक्षा मंत्री ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी स्वर्गीय जसपाल राणा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया। उनकी उपलब्धियां और खेलों के प्रति समर्पण सदैव याद किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जसपाल राणा ने भारतीय निशानेबाजी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय जसपाल राणा का व्यक्तित्व केवल एक सफल खिलाड़ी तक सीमित नहीं था, बल्कि वे युवाओं के मार्गदर्शक और खेल संस्कृति के सशक्त प्रेरणास्रोत भी थे। उनके निधन से खेल जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरव बहुगुणा और खजान दास, सांसद डॉ. महेश शर्मा, सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, विधायक पंकज सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, खेल प्रेमी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सभी ने स्वर्गीय जसपाल राणा के जीवन, उपलब्धियों और देश के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। वातावरण भावुकता से भरा रहा और उपस्थित लोगों ने उनकी स्मृतियों को नमन करते हुए उन्हें एक महान खिलाड़ी, प्रेरक व्यक्तित्व और राष्ट्रभक्त के रूप में याद किया।

स्वर्गीय जसपाल राणा भारतीय निशानेबाजी के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल रहे, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश को अनेक पदक दिलाए और भारतीय खेल इतिहास में अपनी अमिट छाप छोड़ी। उनका जीवन संघर्ष, समर्पण और उत्कृष्टता का प्रतीक रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *