देहरादून। बहुचर्चित अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े कथित ऑडियो और वीडियो प्रसारण मामले में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें देर रात कार्रवाई करते हुए हिरासत में लिया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने बताया कि 5 जनवरी 2026 को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम की ओर से कोतवाली डालनवाला में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर तथा अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने कुछ राजनीतिक दलों के साथ मिलकर कथित रूप से झूठे और मनगढ़ंत ऑडियो एवं वीडियो तैयार किए।
शिकायत में कहा गया था कि इन सामग्रियों के माध्यम से भाजपा और उसके वरिष्ठ पदाधिकारियों की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया तथा सोशल मीडिया पर इन्हें प्रसारित कर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने और सामाजिक अशांति फैलाने की कोशिश की गई।
जांच के दौरान बढ़ाई गई धाराएं
पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गईं।
जांच के क्रम में पुलिस ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर की भूमिका की पड़ताल की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने का दावा करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की।
बहादराबाद क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने बीती रात सूचना के आधार पर हरिद्वार जनपद के बहादराबाद फ्लाईओवर क्षेत्र के पास से सुरेश राठौर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें देहरादून लाया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज
पूर्व विधायक की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अंकिता भंडारी प्रकरण पहले से ही प्रदेश का अत्यंत संवेदनशील और चर्चित मामला रहा है। ऐसे में इससे जुड़े कथित ऑडियो-वीडियो विवाद में हुई गिरफ्तारी ने मामले को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।