टिहरी गढ़वाल, 05 जून। उत्तराखंड के मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दूसरे दिन टिहरी गढ़वाल के बौराड़ी क्षेत्र में स्थित विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक एवं खेल संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय, ढुंगीधार आंगनबाड़ी केंद्र, श्रीदेव सुमन पुस्तकालय तथा बौराड़ी स्टेडियम का दौरा कर संबंधित अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों और खेल सुविधाओं को मजबूत बनाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की ली जानकारी
ढुंगीधार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने केंद्र में नामांकित बच्चों की संख्या, उपलब्ध खेल सामग्री तथा बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों का वजन मापने की प्रक्रिया का अवलोकन किया और पोषण स्तर की निगरानी पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर उन्होंने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित की तथा स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। मुख्य सचिव ने एएनएम एवं आशा कार्यकर्त्रियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य की निगरानी करें तथा समय पर टीकाकरण और स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था और मध्यान्ह भोजन योजना का किया निरीक्षण
इसके बाद मुख्य सचिव ने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन योजना, विद्यार्थियों की उपस्थिति, कक्षाओं की स्थिति, फर्नीचर एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
विद्यालय के शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। मुख्य सचिव ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है और इसके लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को और बेहतर बनाने के लिए नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया।
श्रीदेव सुमन पुस्तकालय में दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण पर दिया जोर
मुख्य सचिव ने ऐतिहासिक महत्व वाले श्रीदेव सुमन पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों, अभिलेखों, पंजीकरण व्यवस्था और दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण की स्थिति की समीक्षा की।
अधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया कि टिहरी बांध परियोजना के बाद पुरानी टिहरी से विस्थापित होकर यह पुस्तकालय वर्तमान स्थान पर स्थापित किया गया है। पुस्तकालय में राजशाही काल से लेकर आधुनिक साहित्य, इतिहास, संस्कृति, प्रशासन और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित हजारों पुस्तकें उपलब्ध हैं।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि दुर्लभ पुस्तकों एवं पांडुलिपियों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण किया जाए तथा शोधार्थियों और विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने पुस्तकालय को ज्ञान और शोध का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए इसके आधुनिकीकरण की आवश्यकता पर भी बल दिया।
बौराड़ी स्टेडियम में खेल सुविधाओं की समीक्षा
बौराड़ी स्टेडियम पहुंचकर मुख्य सचिव ने खेल गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रस्तावित बैडमिंटन हॉल के निर्माण स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेल अवसंरचना से जुड़े सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है, जिससे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार किए जा सकें।
विश्व पर्यावरण दिवस पर किया पौधारोपण
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय, नगर पालिका परिषद टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ डाइजर क्षेत्र में जैकरेण्डा (Jacaranda) के पौधों का रोपण किया।
इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी वी.पी. सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्य सचिव के इस निरीक्षण दौरे को जनपद में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, खेल और सामाजिक विकास से जुड़ी योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करने तथा उनकी गुणवत्ता में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।