देहरादून शहर में चल रहे विद्युत लाइनों की अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य को लेकर शासन ने सख्त रुख अपनाया है। आनन्द बर्द्धन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़कों की खुदाई, अंडरग्राउंड केबलिंग और ब्लैक टॉपिंग का पूरा काम हर हाल में जून माह तक पूरा किया जाए।
सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में ऊर्जा विभाग, जिला प्रशासन और पिटकुल (PTCUL) के अधिकारियों के साथ इस महत्वपूर्ण परियोजना की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य सचिव ने कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ शहरवासियों को कम से कम असुविधा हो, इस पर विशेष जोर दिया।
मुख्य सचिव ने पिटकुल को निर्देशित किया कि पूरे शहर में एक साथ कई स्थानों पर खुदाई शुरू करने के बजाय सीमित स्थानों पर काम शुरू किया जाए और वहां अधिकतम लेबर लगाकर कार्य को तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि इस रणनीति से जहां काम तेजी से पूरा होगा, वहीं पूरे शहर में अव्यवस्था और ट्रैफिक की समस्या भी कम होगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एक स्थान पर कार्य पूर्ण होने के बाद ही अगले स्थान पर खुदाई की अनुमति दी जाए, ताकि सड़कों की स्थिति लंबे समय तक खराब न रहे। साथ ही जिलाधिकारी देहरादून को निर्देश दिए गए कि वे इस परियोजना की साप्ताहिक मॉनिटरिंग करें और समयसीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराएं।
बैठक में यह भी कहा गया कि पिटकुल और जिला प्रशासन के बीच लगातार समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा आने पर तुरंत समाधान किया जा सके।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, जिलाधिकारी सविन बंसल सहित पिटकुल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।