‘वन क्लिक’ से बड़ी राहत: CM धामी ने 7.56 लाख पेंशनर्स के खातों में भेजे 111.82 करोड़ रुपए

उत्तराखण्ड में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को मजबूती देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर तकनीक के माध्यम से पारदर्शी व्यवस्था का उदाहरण पेश किया। बुधवार को सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने ‘वन क्लिक’ के जरिए समाज कल्याण विभाग के 7,56,682 पेंशनर्स के खातों में अप्रैल माह की पेंशन की धनराशि सीधे ट्रांसफर की।

इस दौरान कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये जारी किए गए, जिसमें वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन जैसी विभिन्न योजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अंत्योदय की भावना के साथ काम कर रही है और आर्थिक व सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि समाज कल्याण योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रदेशभर में लगातार बहुउद्देश्यीय कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों के चलते हर साल 60 हजार से अधिक नए लाभार्थी पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी ऐसे कैम्प जारी रखें और 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोगों का पहले से सर्वे कर उनकी पात्रता सुनिश्चित करें। ताकि 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही उन्हें बिना देरी के पेंशन का लाभ मिल सके। साथ ही वार्षिक आय सीमा को अधिक व्यावहारिक बनाने और सभी योजनाओं की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने विभाग को नवाचार अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि समाज कल्याण के क्षेत्र में अपनाई गई बेहतरीन प्रक्रियाओं (Best Practices) को अन्य विभागों के साथ साझा किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कॉल सेंटर के माध्यम से बुजुर्गों और पेंशनर्स से नियमित संवाद स्थापित किया जाए, जिससे उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।

कार्यक्रम में विभागीय मंत्री खजान दास ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विभाग पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है और हर जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, निदेशक समाज कल्याण डॉ. संदीप तिवारी, अपर सचिव समाज कल्याण प्रकाश चंद्र सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *