सतपुली कांड पर सियासत तेज: गणेश गोदियाल ने पीड़ित परिवार से मिल उठाई न्याय की मांग
देहरादून/पौड़ी गढ़वाल: पौड़ी जिले के सतपुली क्षेत्र में युवक पंकज कुमार की संदिग्ध मौत के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने ग्राम रैतपुर पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
परिजनों को दी सांत्वना, पुलिस से ली जानकारी
सतपुली विकासखंड के रैतपुर गांव पहुंचे गोदियाल ने घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर मामले की स्थिति जानी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात कही। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है।
सीएम से निष्पक्ष जांच की मांग
गोदियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि युवक की मौत पुलिस प्रताड़ना के कारण हुई है, तो यह बेहद गंभीर और निंदनीय है।
“पुलिस प्रताड़ना के आरोप बेहद चिंताजनक”
गोदियाल ने कहा कि परिजनों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, एक सड़क हादसे के बाद पुलिस युवक को थाने ले गई, जहां उसके साथ कथित रूप से मारपीट और प्रताड़ना की गई। आरोप है कि इससे आहत होकर युवक ने आत्मघाती कदम उठाया।
उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो क्लिप में भी युवक ने अपनी पीड़ा जाहिर की थी, जो पूरे मामले को और गंभीर बनाता है।
पहले भी उठ चुके हैं ऐसे मामले
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि इससे पहले भी राज्य में पुलिस प्रताड़ना के कई मामले सामने आ चुके हैं। उन्होंने नैनीताल और टिहरी जिलों के उदाहरण देते हुए कहा कि इन घटनाओं ने पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं और आम जनता का भरोसा कमजोर हुआ है।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
-
मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच
-
जांच के दौरान संबंधित पुलिस कर्मियों का निलंबन
-
दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई
-
पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सुरक्षा