आज उत्तराखंड विधानसभा का विशेष सत्र: देहरादून में ट्रैफिक डायवर्जन लागू, निकलने से पहले देखें प्लान

उत्तराखंड की राजनीति और प्रशासनिक गतिविधियों के लिए आज का दिन महत्वपूर्ण है। उत्तराखंड विधानसभा का विशेष सत्र आज सुबह 11 बजे से देहरादून में आयोजित किया जा रहा है। सत्र को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और शहर का विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया गया है।

सत्र के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संभावित धरना-प्रदर्शनों को ध्यान में रखते हुए शहर के कई प्रमुख स्थानों पर बैरियर प्वॉइंट निर्धारित किए गए हैं। इनमें प्रगति विहार, शास्त्री नगर, बाईपास, डिफेंस कॉलोनी और विधानसभा तिराहा शामिल हैं, जहां पुलिस बल की तैनाती की गई है।

इन जगहों पर होंगे बैरियर प्वॉइंट-

प्रगति विहार बैरियर

शास्त्री नगर बैरियर

बाईपास बैरियर

डिफेंस कॉलोनी बैरियर

विधानसभा तिराहा बैरियर

ट्रैफिक डायवर्जन की मुख्य बातें:

  • भारी वाहनों को कारगी चौक और डोईवाला से दूधली रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
  • रिस्पना क्षेत्र में दबाव बढ़ने पर वाहनों को लालतप्पड़, हर्रावाला और नयागांव में रोका जा सकता है।
  • देहरादून से हरिद्वार, ऋषिकेश, टिहरी और चमोली जाने वाले वाहनों को नेहरू कॉलोनी और फव्वारा चौक से पुलिया नंबर-6 की ओर भेजा जाएगा।
  • धर्मपुर चौक से आईएसबीटी जाने वाले वाहन माता मंदिर रोड और पुरानी बाईपास के रास्ते भेजे जाएंगे।
  • मसूरी जाने वाले वाहनों को जोगीवाला–रिंग रोड–लाडपुर–सहस्त्रधारा क्रॉसिंग–आईटी पार्क मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।

इसके अलावा, जुलूस और प्रदर्शन के लिए निर्धारित रूट भी तय किया गया है। सभी अनुमत जुलूस हिम पैलेस होटल से शुरू होंगे और उनके वाहन रेसकोर्स स्थित गुरु नानक ग्राउंड में पार्क किए जाएंगे।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप और एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने पुलिस बल को ब्रीफिंग दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उल्लंघन करने पर सख्त विभागीय कार्रवाई होगी।

पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान को ध्यान में रखें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *