उत्तराखंड में दो दिन बाद बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश-बर्फबारी की चेतावनी जारी

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में दो दिन बाद मौसम बिगड़ने की संभावना है, जिससे पर्वतीय इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है। फिलहाल आज और कल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।

हालांकि, मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार के लिए मैदानी जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट के तहत देहरादून, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार के साथ ही नैनीताल, चंपावत और पौड़ी जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है।

इस मौसम सत्र में अब तक बारिश और बर्फबारी न होने के कारण सूखी ठंड मैदान से लेकर पहाड़ तक लोगों को खासा परेशान कर रही है। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी दिनों में मौसम बदलने से दिन के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 16 से 19 जनवरी के बीच उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 3400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार जताए गए हैं।

उधर, सूखी ठंड का असर मैदानी इलाकों में अधिक देखा जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में रात के न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड और तेज महसूस की जाएगी। लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *