मुख्यमंत्री धामी ने 9 मोबाइल मेडिकल यूनिटों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अपने निजी आवास, नगला तराई खटीमा से 09 मोबाइल मेडिकल यूनिट (एम्बुलेंस) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें से 08 मोबाइल स्वास्थ्य सेवा वाहन हंस फाउंडेशन देहरादून के सहयोग से तथा 1 वाहन हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड और ममता संगठन के संयुक्त सौजन्य से प्रदान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये मोबाइल स्वास्थ्य यूनिटें राज्य के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि “हर गांव तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच” सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति उपचार के अभाव में पीड़ित न रहे।

धामी ने कहा कि हंस फाउंडेशन और हिन्दुस्तान जिंक जैसी संस्थाओं का यह योगदान समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इन वाहनों के माध्यम से न केवल प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, परामर्श और उपचार सेवाएं लोगों तक पहुंचेंगी, बल्कि इससे आपात स्थितियों में भी राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। मोबाइल यूनिटों की यह पहल स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई क्रांतिकारी पहल साबित होगी, जिससे दूरदराज़ के गांवों में रहने वाले लोगों को भी समय पर चिकित्सा सुविधा प्राप्त होगी।

हंस फाउंडेशन के प्रोजेक्ट मैनेजर युद्धवीर सिंह ने बताया कि फाउंडेशन द्वारा प्रदान की गई 08 मोबाइल यूनिटों में से 04 यूनिट ऊधम सिंह नगर जिले में और 04 यूनिट नैनीताल जिले में संचालित की जाएंगी। इन मोबाइल यूनिटों में डॉक्टर, स्टाफ नर्स, लैब तकनीशियन और आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रहेंगे।

हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड की निदेशक अनामिका झा ने बताया कि कंपनी और ममता संगठन के सहयोग से संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट राजस्थान के 04 जनपदों के साथ-साथ उत्तराखंड के गदरपुर और किच्छा क्षेत्र के 25 ग्रामों में चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रही हैं। इन वाहनों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य परामर्श, जांच और उपचार की निःशुल्क सुविधा दी जाएगी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, तथा अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *