मुख्यमंत्री ने किया खटीमा–मेलाघाट सड़क पुनर्निर्माण कार्यों का शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जनपद ऊधम सिंह नगर के खटीमा–मेलाघाट राज्य मार्ग (राज्य मार्ग संख्या 107) के पुनर्निर्माण कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना कर शिलान्यास किया। लगभग ₹20.89 करोड़ की लागत से बनने वाली इस परियोजना के अंतर्गत 11.50 किलोमीटर लंबी सड़क का पुनर्निर्माण किया जाएगा।

परियोजना में केसी ड्रेनेज सिस्टम, सड़क सुरक्षा कार्य, रोड साइनएज की स्थापना, तथा टीबीएम और बीसी द्वारा सुदृढ़ीकरण जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा, जिससे मार्ग अधिक सुरक्षित, टिकाऊ और यात्रियों के लिए सुगम बन सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सड़क न केवल खटीमा क्षेत्र के विकास की धुरी है, बल्कि भारत–नेपाल सीमावर्ती संपर्क का भी एक महत्वपूर्ण मार्ग है। इसके सुधारीकरण से स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधा प्राप्त होगी, वहीं सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार, पर्यटन और शिक्षा के अवसरों को भी नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के साथ-साथ भू-कटाव रोकने, स्थानीय जल निकासी व्यवस्था सुधारने और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ और सुरक्षित बनी रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज खटीमा तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। यह क्षेत्र अब शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड का हर क्षेत्र सुगम, सशक्त और समृद्ध बने।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “कनेक्टिविटी ही विकास की रीढ़” के संकल्प को राज्य सरकार तेज़ी से आगे बढ़ा रही है। उत्तराखंड में सड़क नेटवर्क के विस्तार और आधुनिकीकरण पर विशेष बल दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के अभियान को प्राथमिकता के साथ लागू किया जाए।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को दीपावली और आगामी त्योहारों की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि पर्वों के अवसर पर सुरक्षा, सौहार्द और स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दायित्वधारी फरजाना बेगम, अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *