हरक सिंह रावत का BJP पर हमला – “पेपर चोर और वोट चोर बन चुकी है सरकार”

पेपर लीक मामले पर हरक सिंह रावत का बड़ा हमला, कहा– “भाजपा के बड़े नेता भी शामिल”

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के पूर्व काबीना मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. हरक सिंह रावत ने पेपर लीक मामले को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक प्रकरण में केवल उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) के अधिकारी ही नहीं बल्कि भाजपा के बड़े नेताओं की भी मिलीभगत है।

हरक सिंह रावत ने कहा कि भाजपा पर पहले वोट चोरी का आरोप लगा था और अब उस पर पेपर चोरी का आरोप लग रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि छात्र मोटी फीस देकर कोचिंग की पढ़ाई करते हैं और सालों की मेहनत के बाद परीक्षा देते हैं, लेकिन पेपर माफिया हाकम सिंह जैसे लोग बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेशभर में हो रहे विरोध प्रदर्शनों से साफ है कि 2027 में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

“जनता में त्राहिमाम के हालात”

पूर्व मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की जनता हर मोर्चे पर परेशान है। माताएं-बहनें सुरक्षित नहीं हैं, छात्र और शिक्षक आंदोलन की राह पर हैं और प्रदेश आपदा से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान की बजाय खुद को बचाने में लगी है।

विकास कार्यों पर भी साधा निशाना

अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए हरक सिंह रावत ने कहा कि उन्होंने रुद्रप्रयाग जिले की स्थापना की थी, तहसीलें बनवाईं और सैनिक स्कूल की सौगात दी, लेकिन आज तक उसकी कार्यवाही आगे नहीं बढ़ पाई। चिरबटिया कृषि महाविद्यालय बदहाल है और जवारड़ी बाईपास व छेनागाड़ आपदा के मामले में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।

उक्रांद और स्थानीय विधायक पर तंज

हरक सिंह रावत ने उक्रांद को लेकर कहा कि प्रदेश में उसका अब कोई राजनीतिक भविष्य नहीं बचा है। वहीं, रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति में वह अभी कच्चे खिलाड़ी हैं। उन्होंने चुनौती दी कि अगर पार्टी ने निर्णय लिया तो वे रुद्रप्रयाग विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे और अपने विरोधियों को हमेशा की तरह शिकस्त देंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html