HNB गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव की तारीख तय, 27 सितंबर को छात्र देंगे अपना फैसला

श्रीनगर गढ़वाल। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने छात्र संघ चुनाव 2025-26 की घोषणा कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अधिसूचना जारी करते हुए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पदों पर चुनाव कार्यक्रम तय कर दिया है।

कब होगा नामांकन और कब आएंगे नतीजे

मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एचसी नैनवाल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार—

  • 18 और 19 सितंबर: सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल होंगे।

  • 20 सितंबर: सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।

  • 21 सितंबर: सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक नामांकन वापसी की अंतिम तिथि है। उसी दिन शाम 4:30 बजे प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

  • 27 सितंबर: सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान और उसी दिन मतगणना होगी। देर शाम तक नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।

  • 28 सितंबर: सुबह 11 बजे नव निर्वाचित पदाधिकारी शपथ ग्रहण करेंगे।

छात्रों में जोश, संगठन जुटे रणनीति बनाने में

चुनावी अधिसूचना जारी होने के बाद कैंपस का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग चुका है। छात्र संगठनों और स्वतंत्र उम्मीदवारों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। लंबे समय से छात्र संघ चुनाव की मांग कर रहे छात्र नेता अब सक्रिय रूप से प्रचार की रणनीति बनाने में जुट गए हैं।

एनएसयूआई की बड़ी जीत, छात्र उत्साहित

कांग्रेस का छात्र संगठन एनएसयूआई पिछले कई महीनों से छात्र संघ चुनाव कराने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहा था। प्रदेश भर में विरोध-प्रदर्शन करने के बाद आखिरकार उनकी मांग पूरी हुई है। छात्र संगठन का कहना है कि यह छात्रों की लोकतांत्रिक जीत है। दूसरी ओर, चुनाव की घोषणा से कैंपस में पढ़ रहे छात्र काफी उत्साहित हैं।

पिछली बार चुनाव न होने से था आक्रोश

गौरतलब है कि वर्ष 2024 में छात्र संघ चुनाव नहीं हो पाए थे, जिससे छात्रों में गहरी निराशा थी। इस बार चुनाव का ऐलान होने के बाद राजनीति में भविष्य बनाने की सोच रखने वाले छात्रों में नया उत्साह है।

अन्य विश्वविद्यालयों में भी चुनाव

सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा कैंपस में भी 27 सितंबर को छात्र संघ चुनाव होंगे। यानी प्रदेश के कई विश्वविद्यालयों में एक ही दिन छात्र नेता चुने जाएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html