महाकुंभ और भविष्य की मोबिलिटी को लेकर बड़ी पहल: रेलवे–उत्तराखंड सरकार की समन्वय बैठक में कई अहम फैसले

देहरादून, राज्य सरकार और रेलवे के बीच बुनियादी ढांचा विकास, आगामी महाकुंभ 2027 एवं महाकुंभ 2033 की तैयारियों और दीर्घकालिक मोबिलिटी प्लान को लेकर सोमवार को सचिवालय में एक अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने की, जबकि रेलवे की ओर से डीआरएम मुरादाबाद श्री संग्रह मौर्य मौजूद रहे। इस दौरान रेलवे और राज्य सरकार के बीच समन्वय को और मजबूत बनाने तथा लंबित परियोजनाओं को गति देने पर सहमति बनी।

ऋषिकेश-डोईवाला बाईपास और हर्रावाला स्टेशन पर फोकस

मुख्य सचिव ने कहा कि ऋषिकेश-डोईवाला रेलवे बाईपास की दिशा में तेजी लाना आवश्यक है। इसके लिए राजाजी नेशनल पार्क, रेलवे और डीएफओ की टीम को संयुक्त सर्वेक्षण शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही वाइल्डलाइफ और फॉरेस्ट क्लीयरेंस की प्रक्रिया तुरंत शुरू करने को कहा गया।
उन्होंने हर्रावाला रेलवे स्टेशन के विस्तार कार्य को भी महत्वपूर्ण बताते हुए रेलवे, वन एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को जल्द सर्वेक्षण पूरा करने के निर्देश दिए।

महाकुंभ 2027 और 2033 की तैयारी

मुख्य सचिव ने कहा कि महाकुंभ 2033 से पहले हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन को डबल लेन किया जाना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए पर्यावरणीय अनुमति की प्रक्रिया अभी से शुरू करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने रेलवे को कुंभ 2027 के लिए ट्रैफिक मैनेजमेंट सर्कुलेशन प्लान शीघ्र तैयार कर राज्य सरकार को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही ऋषिकेश और हरिद्वार रेलवे स्टेशनों की फेस लिफ्टिंग को भी महाकुंभ की तैयारियों में शामिल करने को कहा।

मुख्य सचिव ने रेलवे से अनुरोध किया कि कुम्भ की तैयारियों से जुड़ी बैठकों में समन्वय के लिए एक मेला अधिकारी नामित किया जाए ताकि निरंतर प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके। उन्होंने रेलवे और राज्य सरकार के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान हेतु एक औपचारिक तंत्र (मैकेनिज्म) बनाने की भी आवश्यकता जताई।

अगले 50 वर्षों का मोबिलिटी प्लान

बैठक में मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि पूरे राज्य के लिए एक दीर्घकालिक मोबिलिटी प्लान तैयार किया जाए। इस प्लान में सभी प्रकार के यातायात साधन और भविष्य के विकल्पों को ध्यान में रखते हुए अगले 50 वर्षों की जरूरतों का आकलन किया जाए।

रेलवे परियोजनाओं की स्थिति

बैठक में डीआरएम मुरादाबाद श्री संग्रह मौर्य ने रेलवे की चल रही परियोजनाओं की जानकारी दी—

  • देहरादून-मसूरी रेलवे प्रोजेक्ट: प्राथमिक सर्वे पूरा, फाइनल लोकेशन सर्वे शीघ्र शुरू होगा।

  • सहारनपुर-देहरादून प्रोजेक्ट: फाइनल लोकेशन सर्वे गतिमान।

  • हर्रावाला रेलवे स्टेशन: डीपीआर स्वीकृत हो चुकी है, प्रोजेक्ट की स्वीकृति शेष।

बैठक में शामिल अधिकारी

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव बृजेश कुमार संत, सचिव सी. रविशंकर, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा, उपाध्यक्ष एमडीडीए एवं महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *