सीएम धामी ने महिलाओं और सफाई कर्मियों की सराहना की

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में प्रातः भ्रमण के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत कार्य कर रही स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं से भेंट की। उन्होंने उनके कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने में इन बहनों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं से सरकार द्वारा दी जा रही योजनाओं और सुविधाओं का सीधा फीडबैक भी लिया। इस दौरान उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर अमल करते हुए अपनी यात्रा व्यय का कम से कम 5 प्रतिशत स्थानीय उत्पादों की खरीद में अवश्य लगाएं।

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने विधानसभा परिसर में कार्यरत सफाई कर्मियों से भी बातचीत की और उनके भोजन, पानी और रहने की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। सफाई कर्मचारियों ने सरकार की ओर से मिल रही सुविधाओं पर आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का समर्पण और सफाई कर्मियों की लगन, मिलकर ‘विकसित उत्तराखंड’ की दिशा में सामूहिक प्रयास का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने भरोसा जताया कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और सफाई कर्मियों का निस्वार्थ योगदान प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html