सीएम धामी ने किया तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव का शुभारंभ, क्षेत्र को दी विकास योजनाओं की सौगात

टिहरी झील क्षेत्र को पर्यटन के रूप में विकसित करने पर सरकार का फोकस, तिवाड़ गांव बना पर्यटन ग्राम, कद्दूखाल में 8 करोड़ से बनेगी पार्किंग

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को टिहरी जिले के थत्यूड़ पहुंचकर तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार टिहरी झील क्षेत्र को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके तहत साहसिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत राज्य की पहचान हैं। जौनपुर महोत्सव जैसे आयोजन न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का काम करते हैं, बल्कि स्थानीय कला, परंपराओं और लोकजीवन को व्यापक पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है।

तिवाड़ गांव को पर्यटन ग्राम घोषित किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को विकसित करने के लिए तिवाड़ गांव को पर्यटन ग्राम घोषित किया गया है। इस पहल से गांव में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों को अपने ही क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

उन्होंने बताया कि पर्यटन सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कद्दूखाल में करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से वाहन पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। इससे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी आवागमन और पार्किंग की बेहतर सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय संस्कृति के संरक्षण को प्राथमिकता दे रही है। सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड के प्रत्येक क्षेत्र की विशिष्ट पहचान को पर्यटन के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया जाए।

इस अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह पंवार, ओबीसी आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय रावत, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *