देहरादून चिड़ियाघर में पर्यटकों को अभी करना होगा इंतजार, 28 सितंबर को ग्वालियर से लाया गया था नीली आंखों वाला व्हाइट टाइगर
देहरादून। राजधानी देहरादून के चिड़ियाघर में पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनने वाला सफेद टाइगर ‘तेजस’ इन दिनों अपने बाड़े में ही कैद है। ग्वालियर से देहरादून लाए जाने के बाद से ही तेजस को क्वारंटाइन में रखा गया है। हालांकि, उसका निर्धारित क्वारंटाइन समय पूरा हो चुका है और वह पूरी तरह स्वस्थ एवं सक्रिय बताया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद पर्यटक अभी तक उसके दीदार नहीं कर पाए हैं। अब तेजस के सार्वजनिक दीदार में देरी की वजह स्वास्थ्य संबंधी प्रक्रिया नहीं, बल्कि उसके बाड़े के उद्घाटन के लिए माननीयों का समय मिलना बताई जा रही है।
नीली आंखों वाला सफेद टाइगर तेजस 28 सितंबर को देहरादून चिड़ियाघर लाया गया था। वन विभाग ने उसे पर्यटकों के आकर्षण के तौर पर यहां लाने की तैयारी की थी। उम्मीद थी कि कुछ समय की क्वारंटाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। लेकिन 40 दिन से अधिक समय गुजरने के बाद भी तेजस पर्यटकों की नजरों से दूर है।
सामान्य क्वारंटाइन अवधि पूरी, फिर भी नहीं हुए दीदार
दूसरे स्थान से लाए जाने वाले वन्यजीवों को सामान्य तौर पर 20 दिन से एक महीने तक क्वारंटाइन में रखा जाता है। इस दौरान पशु चिकित्सक और संबंधित विशेषज्ञ उनके स्वास्थ्य की निगरानी करते हैं, ताकि किसी भी तरह के संक्रमण या बीमारी की आशंका को दूर किया जा सके। तेजस को भी इसी प्रक्रिया के तहत क्वारंटाइन में रखा गया था।
हालांकि, चिड़ियाघर से जुड़े पशु चिकित्सक के अनुसार तेजस देहरादून पहुंचने के बाद से ही स्वस्थ और सक्रिय है। उसके बीमार होने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में क्वारंटाइन की निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी उसे पर्यटकों के लिए उपलब्ध नहीं कराया जाना चर्चा का विषय बना हुआ है।
पहले वन मंत्री, फिर मुख्यमंत्री के हाथों उद्घाटन की तैयारी
तेजस के बाड़े को पर्यटकों के लिए खोलने के लिए पहले वन मंत्री सुबोध उनियाल के हाथों उद्घाटन कराने की चर्चा थी। बाद में इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से कराने का निर्णय लिया गया। इसके बाद वन विभाग मुख्यमंत्री कार्यालय से कार्यक्रम के लिए समय लेने की कोशिशों में जुटा रहा।
अब मुख्यमंत्री कार्यालय से 17 नवंबर का समय मिलने के बाद तेजस के सार्वजनिक दीदार का रास्ता साफ हो गया है। इस हिसाब से 28 सितंबर को देहरादून पहुंचे तेजस को करीब 50 दिन बाद पर्यटक देख सकेंगे। तब तक उसे अपने बाड़े में ही रहना होगा और वन्यजीव प्रेमियों को भी उसके दीदार के लिए इंतजार करना पड़ेगा।
वन मंत्री बोले- जल्द खत्म होगा इंतजार
वन मंत्री सुबोध उनियाल का कहना है कि जल्द ही सफेद टाइगर को देखने का इंतजार खत्म होगा और पर्यटक उसके दीदार कर सकेंगे। मुख्यमंत्री के हाथों उद्घाटन के लिए 17 नवंबर की तारीख तय होने के बाद विभाग को उम्मीद है कि इसके बाद तेजस को आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
फिलहाल सवाल यह है कि जब तेजस स्वस्थ है और क्वारंटाइन की सामान्य अवधि भी पूरी हो चुकी है, तो उसे पर्यटकों के सामने लाने के लिए औपचारिक उद्घाटन का इंतजार क्यों जरूरी बना हुआ है। चिड़ियाघर आने वाले पर्यटक और वन्यजीव प्रेमी अब 17 नवंबर का इंतजार कर रहे हैं।