एकलव्य रेजिडेंशियल स्कूल के विद्यार्थियों ने जाना पुलिस की कार्यप्रणाली, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा और नशे के दुष्परिणामों पर किया गया जागरूक
देहरादून। युवाओं और स्कूली विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक बनाने तथा अपराधों से बचाव की जानकारी देने के उद्देश्य से दून पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में कालसी थाना परिसर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें एकलव्य रेजिडेंशियल स्कूल के छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में स्कूलों और आमजन के बीच जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एकलव्य रेजिडेंशियल स्कूल के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण कालसी थाने में आयोजित किया गया, जहां पुलिस अधिकारियों ने उन्हें थाने की कार्यप्रणाली और पुलिस व्यवस्था से परिचित कराया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पुलिस की जिम्मेदारियों, नागरिकों के अधिकार एवं कर्तव्यों तथा कानून के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही साइबर ठगी से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी की पहचान, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशे से होने वाले सामाजिक और शारीरिक नुकसान तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए। इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई, ताकि जरूरत पड़ने पर वे तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम को संवादात्मक बनाने के लिए छात्र-छात्राओं को पुलिस अधिकारियों से सीधे सवाल पूछने का अवसर भी दिया गया। विद्यार्थियों ने साइबर अपराध, कानूनी प्रक्रिया और पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल, व्यवहारिक और सहज भाषा में उत्तर दिया। छात्रों ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन किए जाने की इच्छा जताई।
दून पुलिस का कहना है कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानून के प्रति सम्मान, सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना और उन्हें अपराधों से बचाव के प्रति सजग बनाना है। पुलिस का मानना है कि जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की मजबूत नींव होते हैं।