हरेला पर्व पर स्मृति वन में हुआ पौधरोपण, डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

ऋषिकेश। हरेला लोकपर्व के अवसर पर वन रेंज ऋषिकेश द्वारा गुमानीवाला स्थित स्मृति वन में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने वन विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि हरेला पर्व उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व हमें पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और जलवायु संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है और जनभागीदारी के माध्यम से ‘हरित उत्तराखंड’ के संकल्प को साकार किया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से हरेला जैसे पर्वों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकारी जी.एस. धमान्दा, डिप्टी रेंजर गजेंद्र, वन दरोगा प्रकाश अंथवाल, महावीर नेगी, अवतार सिंह, महेंद्र सिंह, वनरक्षक अरविंद, सविता, ज्योति, सलमान, समाजसेवी राजे नेगी, श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चंद्रमोहन पोखरियाल, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रज्ञा रावत, विपिन कुकरेती, लक्ष्मी बूढ़ाकोटी सहित वन विभाग के कर्मचारी और अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *