गोपेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को चमोली जनपद के गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़े के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में जिले को ₹155.36 करोड़ की 63 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने ₹113.99 करोड़ की 36 योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹41.37 करोड़ की 27 योजनाओं का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पशुपालन, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चमोली के समग्र विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
शिलान्यास की प्रमुख परियोजनाओं में जोशीमठ-नीति मार्ग पर जुग्जू में स्टील ट्रस पुल, लंगसी-द्वींग-तपोवन-लांजी-पोखनी मोटर मार्ग पर 78 मीटर लंबा लौह सेतु, मैहलचौरी-सिलंगना घनियाली मोटर मार्ग का पुनर्निर्माण, चांदनीखाल-रड़वा-काण्डई-रेंसू मोटर मार्ग का विस्तार, विशालखाल-देवीखेत-बांमेश्वर मोटर मार्ग, नंदानगर की 13 पर्वतीय नहरों का पुनरोद्धार, विभिन्न बाढ़ सुरक्षा योजनाएं, डायट गौचर का अनुरक्षण, मॉडल राजकीय पशु चिकित्सालय नंदप्रयाग, पशु चिकित्सालय तलवाड़ी, सेम-तोप में सामुदायिक भवन एवं पार्किंग, राइंका उज्ज्वलपुर भवन, नंदानगर पार्किंग, गोगनापानी-भडूड़ा, गोपेश्वर-पोखरी-बछेर, नौटी-चौण्डली-ल्यूथा, हरनीचक-मुंदोली, थराली-घाट (डुंग्री) और लौहाजंग-वॉक मोटर मार्ग सहित कई सड़क और पुल परियोजनाएं शामिल हैं।
वहीं लोकार्पित योजनाओं में गैरसैंण मुख्य मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स, सेमी-मासों, हापला-गुड़म-नैल-नौली तथा नंदासैंण-मालई मोटर मार्गों का निर्माण एवं डामरीकरण, बीपीएचयू पोखरी और जिला चिकित्सालय चमोली में डीआईपीएचएल भवन, विभिन्न विद्यालयों में पुस्तकालय, आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष और विज्ञान प्रयोगशालाएं, बैरागना ट्राउट इंडोर हैचरी, गोपेश्वर स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो कोर्ट का बैडमिंटन हॉल, कल्पेश्वर पाथवे एवं आर्क ब्रिज, पाण्डुकेश्वर बहुउद्देशीय सहकारी समिति भवन, तेफना-कण्डारा, कुलसारी-गैरवारम और लोल्टी-मालबज्वाड़-पास्तोली मोटर मार्गों का उन्नयन शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से चमोली में सड़क संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, खेल, मत्स्य पालन, सिंचाई और आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं और रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।