डोईवाला। संजय राठौर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को आगे बढ़ाते हुए डोईवाला स्थित मिलिट्री इक्विपमेंट के संचालक विनोद कुमार ने अपने जन्मदिन के अवसर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की।
विनोद कुमार ने कहा कि वह पिछले कई वर्षों से हजारों पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के अभियान से जुड़े हुए हैं। उनका मानना है कि पेड़ हमें स्वच्छ वायु, छाया, जल संरक्षण और जीवनदायी वातावरण प्रदान करते हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाए और उसकी जिम्मेदारी के साथ देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। पेड़ लगाने से पर्यावरण संतुलित रहता है, प्रदूषण कम होता है, वर्षा को बढ़ावा मिलता है और जैव विविधता का संरक्षण होता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने भी पौधारोपण कर अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में डोईवाला विधायक बृज भूषण गैरोला, नगर पालिका परिषद डोईवाला के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, मिलिट्री इक्विपमेंट के संचालक विनोद कुमार, सैनिक प्रकोष्ठ संयोजक विनोद खंडूरी, गुरजीत सिंह लाडी, ग्राम प्रधान जीवनवाला, राज कुमार राज, रमेश पंवार, भगत सिंह राणा, विजय रावत, शिव सिंह पंवार, बलवंत सिंह रांगड़ सहित मिलिट्री इक्विपमेंट परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।