कर्णप्रयाग। जनपद चमोली में ब्लॉक प्रमुख संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने की दिशा में मंगलवार को कर्णप्रयाग ब्लॉक प्रमुख कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी ब्लॉक प्रमुख शामिल हुए, जहां संगठनात्मक ढांचे के विस्तार, पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका को प्रभावी बनाने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सीमांत विकासखंड ज्योतिर्मठ के ब्लॉक प्रमुख अनूप सिंह नेगी को सर्वसम्मति से निर्विरोध चमोली जिला प्रमुख संघ का अध्यक्ष चुना गया। उनके नाम का प्रस्ताव सभी ब्लॉक प्रमुखों ने एक स्वर में रखा, जिसका उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने करतल ध्वनि के साथ समर्थन किया।
संगठन को मजबूत बनाने पर हुआ मंथन
बैठक में प्रदेश और जिला स्तर पर ब्लॉक प्रमुख संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पंचायत स्तर की समस्याओं और विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए संगठनात्मक एकजुटता बेहद जरूरी है।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष अनूप सिंह नेगी ने सभी ब्लॉक प्रमुखों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन पंचायतों के चौमुखी विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों और क्षेत्र पंचायतों में सामने आने वाली समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और सभी जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
सीमांत क्षेत्र के नेतृत्व को मिली अहम जिम्मेदारी
अनूप सिंह नेगी का निर्विरोध चयन सीमांत क्षेत्र के लिए भी अहम माना जा रहा है। ज्योतिर्मठ जैसे सीमावर्ती विकासखंड से आने वाले नेतृत्व को संगठन की कमान मिलने से दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं को अधिक मजबूती से उठाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला, तेजपाल रावत, प्रवीण पुरोहित, हिमा नेगी, विनीता देवी, दीपिका मैखुरी, राजी देवी समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने का संकल्प लिया।