2 साल बाद मिला इंसाफ: दून पुलिस ने हिट-एंड-रन के आरोपी चालक को दबोचा

देहरादून में सड़क हादसे के एक पुराने मामले में पुलिस की सख्ती आखिरकार रंग लाई। देहरादून पुलिस ने वर्ष 2024 में हुए एक घातक सड़क हादसे के आरोपी चालक को करीब दो साल बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के सख्त रुख का परिणाम माना जा रहा है।

यह मामला 19 फरवरी 2024 का है, जब कर्जन रोड डालनवाला निवासी ललिता चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात डंपर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके पुत्र को टक्कर मार दी, जिससे उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इस संबंध में थाना प्रेमनगर में धारा 279/304 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

प्रारंभिक जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य न मिलने पर पुलिस ने अदालत में अंतिम रिपोर्ट दाखिल कर दी थी। लेकिन मृतक युवक की माता ने न्याय की उम्मीद नहीं छोड़ी और एसएसपी से मामले की दोबारा जांच की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने अदालत से पुनर्विवेचना की अनुमति मांगी, जिसे न्यायालय ने स्वीकार कर लिया।

पुनः जांच के दौरान गठित टीम ने पुराने साक्ष्यों के साथ-साथ नए तथ्यों को भी खंगाला। जांच में वाहन संख्या UK-07-CB-6929 की पहचान की गई और उसे कब्जे में लिया गया। इसके बाद 5 मई 2026 को घटना के समय वाहन चला रहे आरोपी दल बहादुर (निवासी बाढ़वाला, विकासनगर) को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हादसे के बाद उसने वाहन मालिक को जानकारी दे दी थी, जिसके बाद उसे दूसरे वाहन के साथ कहीं और भेज दिया गया। पुलिस अब इस मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश भी कर रही है, जिसकी भूमिका जांच में सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *