ऋषिकेश में खुदाई के दौरान मिलीं पौराणिक मूर्तियों के अवशेष, मंदिर परिसर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

ऋषिकेश। ऋषिकेश की तीर्थनगरी में स्थित वीरभद्र महादेव मंदिर परिसर में खुदाई के दौरान पौराणिक मूर्तियों के अवशेष मिलने से इलाके में उत्सुकता और श्रद्धा का माहौल बन गया। मंदिर परिसर में इन मूर्तियों को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी।

जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर में पीपल के पेड़ के पास बने क्षतिग्रस्त चबूतरे के पुनर्निर्माण का कार्य चल रहा था। श्रद्धालु जब चबूतरे की नींव के लिए खुदाई कर रहे थे, तभी जमीन के भीतर से एक के बाद एक पुरातन धार्मिक मूर्तियों के अवशेष निकलने लगे।

अचानक मूर्तियां मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोग मंदिर पहुंचने लगे। कई लोगों ने इसे दैवीय चमत्कार मानते हुए भगवान के जयकारे भी लगाए। बताया जा रहा है कि खुदाई के दौरान एक दर्जन से अधिक मूर्तियां मिली हैं, जिनमें विभिन्न देवी-देवताओं की आकृतियां दिखाई दे रही हैं।

मंदिर के महंत रघुवीर गिरी ने बताया कि खुदाई के दौरान मिली मूर्तियां काफी प्राचीन प्रतीत होती हैं और संभव है कि ये सैकड़ों वर्ष पुरानी हों। उनका कहना है कि इस क्षेत्र में जहां भी खुदाई होती है, वहां से अक्सर प्राचीन मूर्तियों के अवशेष मिलने की संभावना रहती है।

मंदिर प्रबंधन ने इन सभी मूर्तियों को धार्मिक धरोहर मानते हुए अपने पास सुरक्षित रख लिया है। फिलहाल इन मूर्तियों को लेकर पूरे शहर में चर्चा का माहौल है और लोग बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर इन्हें देखने आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *