देहरादून में तेज रफ्तार ट्रक पलटा, रूह कंपा देने वाला CCTV वीडियो आया सामने

देहरादून। राजधानी देहरादून में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। मोहब्बेवाला क्षेत्र में सोमवार शाम एक मार्बल से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचोंबीच पलट गया। इस हादसे का खौफनाक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रक अचानक नियंत्रण खोकर डिवाइडर से टकराने के बाद हवा में उछलते हुए पलटता नजर आ रहा है।

हादसे में स्कूटी सवार युवती अंजलि, निवासी कमल विहार बंजारा वाला, ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गई। वहीं ट्रक चालक फैजल, निवासी अलवर (राजस्थान) भी घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस की टीम कोतवाली पटेल नगर से मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

टायर फटने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार सहारनपुर से मार्बल लेकर आ रहा ट्रक जैसे ही मोहब्बेवाला के पास पहुंचा, अचानक उसका अगला टायर फट गया। टायर फटते ही ट्रक अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर सड़क पर पलट गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही स्कूटी सवार युवती इसकी चपेट में आ गई।

दो घंटे तक लगा लंबा जाम

हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस को यातायात डायवर्ट करना पड़ा और ट्रक को हटाने के लिए क्रेन बुलानी पड़ी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक को सीधा कर सड़क से हटाया गया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।

पांच महीने में चौथी बड़ी दुर्घटना

स्थानीय लोगों के अनुसार मोहब्बेवाला क्षेत्र में यह पिछले पांच महीनों में चौथी बड़ी दुर्घटना है। इससे पहले 18 फरवरी को इसी चौक पर एक ट्रक कार पर पलट गया था, जिससे कार में आग लग गई थी। हालांकि कार सवार समय रहते बाहर निकल गए थे।

वहीं 5 दिसंबर 2025 को सीमेंट से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर छह वाहनों से टकराने के बाद सड़क किनारे नाले में पलट गया था। इसके अलावा 14 अक्टूबर 2025 को भी एक ट्रक नियंत्रण खोकर एक मकान में जा घुसा था, जिसमें घर के लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई थी।

जांच के निर्देश

चंद्रभान अधिकारी, प्रभारी कोतवाली पटेल नगर ने बताया कि हादसे के बाद दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की जांच की जा रही है और परिवहन विभाग से भी इस संबंध में बातचीत की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए प्रशासन से सख्त ट्रैफिक व्यवस्था और भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *