देहरादून में शर्मनाक हरकत: रंग लगाने के बहाने युवती से छेड़छाड़, विरोध पर घर में घुसकर मारपीट

देहरादून। राजधानी देहरादून में होली के दिन एक शर्मनाक घटना सामने आई है। रंग लगाने के बहाने दो युवकों ने युवती से छेड़छाड़ की और विरोध करने पर घर में घुसकर मारपीट तक कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार मामला नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के राजीव नगर का है। बताया जा रहा है कि होली खेलने के बाद युवती अपने घर के बाहर स्कूटी पर बैठी थी। तभी दो युवक वहां पहुंचे और जबरन रंग लगाने की जिद करने लगे। युवती द्वारा मना करने पर दोनों ने उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें शुरू कर दीं।

इसी दौरान युवती का एक दोस्त वहां पहुंचा और उसने इसका विरोध किया। विरोध होने पर दोनों युवक गेट के अंदर घुस आए और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद भी दोनों मनचले नहीं रुके और घर के भीतर तक घुस गए।

बताया जा रहा है कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना आवाज के साथ रिकॉर्ड हो गई है। स्थिति तब और बिगड़ गई जब दोनों युवक अपने मोहल्ले से कई लोगों को बुलाकर ले आए। आरोप है कि भीड़ ने घर में घुसकर युवती और उसके परिवार के साथ मारपीट की और जमकर हंगामा किया।

घटना की जानकारी मिलने पर युवती के परिवार के कुछ परिचित भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उग्र भीड़ ने उनके साथ भी अभद्रता की। इस दौरान कई लोगों को चोटें आई हैं।

पीड़ित परिवार ने मेडिकल परीक्षण कराने के बाद पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस मामले का संज्ञान लेते हुए प्रमेंद्र डोबाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं थाना नेहरू कॉलोनी के प्रभारी संजीत कुमार को मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *