उत्तराखंड: कोयंबटूर में तैनात सैनिक नायक महावीर सिंह रावत का हार्ट अटैक से निधन, आज हरिद्वार में अंतिम संस्कार

देहरादून। देश सेवा में तैनात उत्तराखंड के एक और जवान के निधन से प्रदेश में शोक की लहर है। कोयंबटूर में तैनात नायक महावीर सिंह रावत (51 वर्ष) का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। जैसे ही यह खबर परिवार तक पहुंची, परिजनों और रिश्तेदारों में मातम छा गया।

दिल्ली होते हुए देहरादून पहुंचा पार्थिव शरीर

नायक महावीर सिंह रावत का पार्थिव शरीर पहले कोयंबटूर से दिल्ली लाया गया, इसके बाद इंडिगो की फ्लाइट से देहरादून एयरपोर्ट पहुंचाया गया। एयरपोर्ट पर परिवारजन, स्थानीय लोग और सेना के अधिकारी अंतिम दर्शन के लिए मौजूद रहे। शव घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

डिफेंस सिक्योरिटी कोर में थे तैनात

नायक महावीर सिंह रावत डिफेंस सिक्योरिटी कोर (DSC) में नायक के पद पर तैनात थे। इससे पहले उन्होंने गढ़वाल राइफल्स में कई वर्षों तक सेवाएं दी थीं। अपने अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के कारण वे सेना और स्थानीय समाज में सम्मानित थे।

गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई

देहरादून एयरपोर्ट पर रायवाला से आई सेना की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर जॉलीग्रांट स्थित कोठारी मोहल्ला स्थित उनके आवास ले जाया गया।

आज हरिद्वार में अंतिम संस्कार

नायक महावीर सिंह रावत का अंतिम संस्कार आज हरिद्वार में सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।

शोक में डूबा परिवार और सैन्य समुदाय

उनके निधन से परिवार, मित्रों और सेना के साथियों में गहरा शोक है। सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने परिजनों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिया है। नायक महावीर सिंह रावत की देशसेवा, समर्पण और अनुशासन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *