देहरादून : चोरी की घटना का 24 घंटे में खुलासा, तीन अभियुक्त गिरफ्तार

ढाई लाख रुपये की ज्वैलरी बरामद, नशे की लत के चलते दिया वारदात को अंजाम

देहरादून (रायवाला)। दून पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य की चोरी की गई ज्वैलरी बरामद की गई है।

कोतवाली रायवाला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छिद्दरवाला निवासी श्रीमती बीना देवी उर्फ कान्ता देवी ने 6 जनवरी 2026 को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 5 जनवरी को आवश्यक कार्य से बाहर जाने के दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर की अलमारी से आभूषण चोरी कर लिए। तहरीर के आधार पर कोतवाली रायवाला में मुकदमा संख्या 05/26, धारा 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

घटना के अनावरण हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल व आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा पूर्व में चोरी की घटनाओं में संलिप्त अभियुक्तों का सत्यापन किया।

त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप 6 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर छिद्दरवाला क्षेत्र से तीन अभियुक्तों—विनोद पंवार, राजेन्द्र सिंह और सत्यम—को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से चोरी की गई लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य की ज्वैलरी बरामद की गई।

पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और नशे व अन्य शौकों की पूर्ति के लिए उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी का माल सस्ते दामों में बेचने की योजना थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण

  1. विनोद पंवार पुत्र गयाना सिंह पंवार, निवासी छिद्दरवाला, रायवाला, उम्र 35 वर्ष

  2. राजेन्द्र सिंह पुत्र लखन सिंह, निवासी छिद्दरवाला, रायवाला, उम्र 25 वर्ष

  3. सत्यम पुत्र शिशपाल, निवासी आशा प्लॉट छिद्दरवाला, रायवाला, उम्र 20 वर्ष (मूक-बधिर)

बरामदगी

  • चोरी की गई लगभग ढाई लाख रुपये अनुमानित मूल्य की ज्वैलरी

पुलिस टीम

  • उप निरीक्षक आदित्य सैनी

  • कांस्टेबल विश्वास

  • कांस्टेबल प्रवीण सैनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *