अपराधियों पर शिकंजा: दून पुलिस ने जुआखोरों को रंगे हाथों दबोचा

होटल के कमरे से 1.40 लाख नगद और ताश की गड्डियां बरामद, तीन गिरफ्तार

ऋषिकेश: अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऋषिकेश में तीन जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने होटल सूरज में दबिश देकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। मौके से 1 लाख 40 हजार रुपये नकद और ताश की तीन गड्डियां बरामद हुईं।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिले भर में अवैध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बस अड्डे के पास होटल सूरज में कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल होटल पर छापा मारा और एक कमरे से तीन व्यक्तियों को जुआ खेलते हुए दबोच लिया। बिस्तर पर रखे एक सफेद रूमाल पर ₹62,500 नकद और आरोपियों के पास से ₹77,500 मिले। कुल मिलाकर ₹1.40 लाख की नकदी पुलिस ने जब्त की।

गिरफ्तार अभियुक्त

अवनीश गुलाटी, पुत्र स्व. सत्यपाल गुलाटी, निवासी तिलक रोड, ऋषिकेश, उम्र 53 वर्ष

फेरू जगवाणी, पुत्र लालचंद जगवाणी, निवासी आशुतोष नगर, ऋषिकेश, उम्र 54 वर्ष

ऋषि प्रसाद, पुत्र स्व. ज्ञानचंद, निवासी चन्द्रेश्वर नगर, वार्ड-01, ऋषिकेश, उम्र 45 वर्ष

तीनों के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा पंजीकृत कर जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।

बरामदगी

ताश की तीन गड्डियां (52 पत्ते)

₹1,40,000 नगद

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में कोतवाली ऋषिकेश की टीम के साथ एसओजी की टीम भी शामिल रही। टीम में एसएसआई शिशुपाल राणा, उपनिरीक्षक नवीन डंगवाल, विनय शर्मा, निखिलेश बिष्ट, हेड कांस्टेबल पंकज कुमार समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

पुलिस का सख्त संदेश

दून पुलिस ने साफ किया है कि जनपद में अवैध जुआ, सट्टेबाजी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी के निर्देश पर लगातार छापेमारी और सघन चेकिंग अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *