देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास से आदि कैलाश परिक्रमा रन (अल्ट्रा मैराथन) प्रोमो रन का फ्लैग ऑफ कर राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष (25 वर्ष पूर्ण) के कार्यक्रमों की शुरुआत को विशेष आयाम दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन के लोगो का भी अनावरण किया। यह ऐतिहासिक आयोजन आगामी 2 नवंबर 2025 को व्यास घाटी के गुंजी गांव से आयोजित किया जाएगा।
10,300 से 15,000 फीट ऊंचाई पर दौड़
यह अल्ट्रा मैराथन कठिनतम भू-भाग में आयोजित की जाएगी, जिसकी ऊंचाई 10,300 फीट से 15,000 फीट के बीच होगी। आयोजन का उद्देश्य है –
साहसिक एवं शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देना
युवाओं को स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना
नशा मुक्त उत्तराखंड के संकल्प को मजबूत करना
सीएम धामी ने कहा कि इस मैराथन से न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
सीमांत क्षेत्रों के विकास की बड़ी पहल
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि यह आयोजन सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास, पलायन की समस्या के समाधान और स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह द्वारा शुरू की गई वाइब्रेंट विलेज योजना को आगे बढ़ाने में भी यह आयोजन अहम भूमिका निभाएगा।
खेल और सम्मान का संगम
सीएम ने स्पष्ट किया कि यह केवल खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के सम्मान और पहचान से जुड़ा प्रयास है। इससे होम-स्टे, पर्यटन और स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
प्रोमो रन में युवाओं का उत्साह
रविवार को आयोजित प्रोमो रन में प्रदेशभर से बच्चों, युवाओं और विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस रन का समापन उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद कार्यालय में हुआ।
विजेताओं को मिलेगा बड़ा मौका
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि 10 किमी की इस प्रोमो दौड़ में शीर्ष 3 विजेताओं को 2 नवंबर को गुंजी (पिथौरागढ़) में होने वाली आदि कैलाश मैराथन में हिस्सा लेने का सीधा अवसर मिलेगा।
5 श्रेणियों में होगी मुख्य मैराथन
60 किमी – अल्ट्रा रन
42 किमी – फुल मैराथन
21 किमी – हाफ मैराथन
10 किमी रन
5 किमी रन
इसमें देशभर के एथलीट भाग लेंगे।
₹50 लाख की पुरस्कार राशि
पर्यटन सचिव ने बताया कि इस आयोजन के बाद जून 2026 में अगली मैराथन का आयोजन माणा-नीति क्षेत्र में प्रस्तावित है। व्यास और नीति घाटी में आयोजित होने वाली मैराथन में विजेताओं के लिए कुल ₹50 लाख की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
आयोजन में मौजूद रहे गणमान्य
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, आईजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल, अपर सचिव पर्यटन अभिषेक रूहेला, श्रीमती पूजा गर्ब्याल समेत बड़ी संख्या में प्रतिभागी और अधिकारी मौजूद रहे।