मुख्यमंत्री धामी ने किया मसूरी रोड व किमाड़ी आपदा प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण

यातायात बहाली, राहत शिविर और त्वरित आर्थिक सहायता के निर्देश

देहरादून, प्रदेश में हुई अतिवृष्टि और आपदा की स्थिति पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार निगरानी कर रहे हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री ने पहले राज्य आपदा परिचालन केंद्र से पूरे प्रदेश की स्थिति की समीक्षा की और उसके बाद मसूरी रोड एवं किमाड़ी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री के निर्देश – राहत कार्य युद्धस्तर पर

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि:

  • मुख्य सड़कों की शीघ्र मरम्मत कर यातायात सामान्य किया जाए।

  • आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्थाएं तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित की जाएं।

  • प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन को शीघ्र सामान्य करने के लिए सभी विभाग युद्धस्तर पर कार्य करें।

  • सभी प्रभावित परिवारों को आपदा मानकों के अनुसार त्वरित आर्थिक सहायता और मूलभूत सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

  • निरंतर वर्षा को देखते हुए जहां आवागमन अवरुद्ध है, वहां प्राथमिकता से वैकल्पिक मार्ग और राहत शिविर स्थापित किए जाएं।

सरकार आपदा पीड़ितों के साथ खड़ी – धामी

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार आपदा की इस घड़ी में पूरी संवेदनशीलता के साथ आपदा पीड़ितों के साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन को जल्द से जल्द सामान्य बनाने के लिए सरकार और प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है।

निरीक्षण में शामिल रहे अधिकारी

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, उपाध्यक्ष आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति विनय रोहिल्ला, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह और जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *