उत्तरकाशी (उत्तराखंड)। उत्तरकाशी जिले में आई आपदा के बाद गंगोत्री और हर्षिल क्षेत्र से तीर्थयात्रियों के सुरक्षित रेस्क्यू का काम तेजी से जारी है। राज्य सरकार, जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, ITBP, NDRF और अन्य सभी एजेंसियां समन्वय के साथ राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।
आपदा प्रबंधन सचिव के अनुसार, अब तक 274 यात्रियों को हर्षिल लाया गया है, जिनमें विभिन्न राज्यों से आए चारधाम तीर्थयात्री शामिल हैं। राहत की बात यह है कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
रेस्क्यू किए गए तीर्थयात्रियों का राज्यवार विवरण:
गुजरात: 131
महाराष्ट्र: 123
मध्य प्रदेश: 21
उत्तर प्रदेश: 12
राजस्थान: 6
दिल्ली: 7
असम: 5
कर्नाटक: 5
तेलंगाना: 3
पंजाब: 1
आगे की रेस्क्यू प्रक्रिया
274 लोगों को अस्थायी रूप से हर्षिल में सुरक्षित रखा गया है। इन यात्रियों को उत्तरकाशी और देहरादून भेजने की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा, अब तक 135 लोगों को हर्षिल से सफलतापूर्वक बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें से:
100 लोगों को उत्तरकाशी पहुंचाया गया है।
35 लोगों को देहरादून भेजा गया है।
इस तरह कुल 135 यात्रियों को उनके सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाया जा चुका है और शेष यात्रियों को भी क्रमबद्ध तरीके से भेजा जा रहा है।
मुख्यमंत्री कर रहे हैं निगरानी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं राहत कार्यों की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं और सभी एजेंसियों को निर्देश दे रहे हैं कि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। संचार, भोजन, चिकित्सा और ट्रांसपोर्ट की सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता पर की जा रही हैं।
हर्षिल बना अस्थायी राहत केंद्र
हर्षिल में मेडिकल सहायता, भोजन, आवास और संचार के इंतजाम किए गए हैं ताकि फंसे यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाने के लिए हेली सेवा और सड़क मार्ग का संयुक्त इस्तेमाल किया जा रहा है।