देहरादून, 28 जून 2025 उत्तराखंड सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने आज एक संवेदनशील और मानवीय पहल के तहत नौ मृतक आश्रितों को कनिष्ठ सहायक पद पर नियुक्ति देकर उनके जीवन को एक नई दिशा दी है। यह नियुक्तियाँ विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत द्वारा शासकीय आवास पर आयोजित समारोह में प्रदान की गईं। नियुक्ति पत्र पाकर मृतक कर्मचारियों के परिजनों के चेहरे जहाँ संतोष और सुकून से खिले, वहीं यह कदम राज्य सरकार के उत्तरदायी और सहानुभूतिपूर्ण प्रशासन की भी मिसाल बना।
मृतक आश्रितों को मिली गरिमामयी नियुक्ति
डॉ. रावत ने सभी नव नियुक्त कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए कहा कि यह सरकार की संवेदनशीलता और लोक कल्याणकारी दृष्टिकोण का प्रमाण है कि मृतक आश्रितों को समयबद्ध और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत नौकरी दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नव नियुक्त कर्मचारी पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।
डॉ. रावत ने कहा, “हमारे साथी कर्मचारियों के परिवारों की पीड़ा को समझते हुए राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि उनके आश्रितों को रोजगार देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सके। यह केवल एक नियुक्ति नहीं, बल्कि एक परिवार को संबल देने की पहल है।”
इन स्थानों पर की गई नियुक्तियाँ
नियुक्ति प्राप्त करने वाले 9 मृतक आश्रितों को राज्य के विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों में उनकी शैक्षिक योग्यता के आधार पर निम्नलिखित स्थानों पर तैनाती दी गई:
सूरज कुमार – मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, टिहरी गढ़वाल
पियूष पनियाल – मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, देहरादून
श्रीमती चन्द्रकला गोस्वामी – प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र थल, पिथौरागढ़
अंकुर इन्द्रवाण – सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नौगांव, उत्तरकाशी
कामना कुंवर – सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ऊखीमठ, रुद्रप्रयाग
सौम्या त्रिपाठी – उप जिला चिकित्सालय हल्द्वानी, नैनीताल
प्रीतम सिंह नेगी – स्वास्थ्य महानिदेशालय, देहरादून
जमुना पंवार – उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर, पौड़ी
विपिन नेगी – मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, पौड़ी गढ़वाल
परिजनों में दिखा संतोष और आभार
नियुक्ति पत्र मिलने के बाद सभी आश्रितों के परिवारजनों ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा, और विभाग के सभी अधिकारियों का आभार प्रकट किया। कई परिजनों ने भावुक होते हुए कहा कि “आमतौर पर मृतक आश्रितों को वर्षों इंतजार करना पड़ता है, लेकिन विभाग की संवेदनशीलता ने हमें उम्मीद से पहले आशा दी है।”
कार्यक्रम में रहे वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित
इस अवसर पर महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. सुनीता टम्टा, निदेशक डॉ. शिखा जंगपांगी, डॉ. एन.एस. नपच्याल, सहित अन्य विभागीय अधिकारी, नव नियुक्त कर्मचारी व उनके परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों ने नव नियुक्त कर्मचारियों को अपने दायित्वों के निर्वहन हेतु प्रेरित करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं।