केदारनाथ हाईवे पर भटवाड़ीसैण के पास स्कॉर्पियो गिरी, महिला की दर्दनाक मौत

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। यह हादसा भटवाड़ीसैण के पास हुआ, जब एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। वाहन को महिला चला रही थी और वह श्रीनगर से अगस्त्यमुनि की ओर अपनी ड्यूटी पर जा रही थी। हादसा आज सुबह लगभग 8.45 बजे हुआ, जब पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त होकर नदी में गिर गई है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर, थानाध्यक्ष महेश रावत सहित विभिन्न रेस्क्यू टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। रेस्क्यू टीमों द्वारा गहरी खाई में उतर कर सर्च अभियान चलाया गया। टीम को वहां एक महिला अचेत अवस्था में मिली, जिसे तुरंत एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

महिला की पहचान कुसुमलता पत्नी राजीव कुमार निवासी गोला बाजार श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल, जो हाल ही में अगस्त्यमुनि, रुद्रप्रयाग में रह रही थी, के रूप में हुई है। कुसुमलता फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत थीं और श्रीनगर से अगस्त्यमुनि ड्यूटी पर जा रही थीं।

उत्तराखंड में सड़क हादसों की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त की जा रही है। हाल ही में श्रीनगर में ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर एक स्कूटी सवार युवक की भी मौत हो गई थी। इन हादसों से प्रदेश में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *