अगली बार मिलो तो गले में होना चाहिए गोल्ड मेडल : खेल मंत्री रेखा आर्या

– खेल मंत्री ने वॉलीबॉल टीम से लिया गोल्ड का वायदा
– औचक निरीक्षण पर रुद्रपुर पहुंची मंत्री रेखा आर्या
– हैंडबॉल टीम के सिलेक्शन ओपन ट्रायल का निरीक्षण भी किया

रुद्रपुर, उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने प्रदेश की वॉलीबॉल और हैंडबॉल टीमों से आगामी राष्ट्रीय खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। रुद्रपुर में स्थित मनोज सरकार स्टेडियम में प्रशिक्षण ले रही वॉलीबॉल टीम के खिलाड़ियों से मुलाकात करने पहुंची मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा, “अगली बार जब हम मिले तो आपके गले में गोल्ड मेडल होना चाहिए, प्रदेश को आपसे यही अपेक्षा है।”

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश की टीमें राष्ट्रीय खेलों के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से उनके प्रशिक्षण की स्थिति के बारे में जानकारी ली और उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने यह भी कहा कि गोवा में पिछले संस्करण में जो कमी रह गई थी, उसे इस बार पूरी तरह से पूरा करना है।

इसके साथ ही, खेल मंत्री ने रुद्रपुर में चल रहे हैंडबॉल टीम के सिलेक्शन के लिए आयोजित ओपन ट्रायल का भी निरीक्षण किया। मंत्री ने बताया कि इस सिलेक्शन प्रक्रिया के लिए राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों को बुलाया गया है, जो अतीत में राष्ट्रीय टीम का चयन कर चुके हैं।

खेल मंत्री ने इसके अलावा 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर में शॉटगन शूटिंग इवेंट के लिए चल रहे निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया और सभी तैयारियों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

इस दौरान खेल उपनिदेशक शक्ति सिंह, ओलंपिक संघ के सचिव डीके सिंह, और जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की भी उनके साथ मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *