उत्तराखंड: हिमानी शिवपुरी ने अपने मायके को गोद लिया, गढ़वाल के भटवाड़ी गांव का होगा कायाकल्प

रुद्रप्रयाग: बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने अपने मायके, भटवाड़ी गांव, को गोद लेने का निर्णय लिया है। यह गांव गढ़वाल क्षेत्र में स्थित है, जहां पलायन की वजह से अधिकांश परिवार खाली हो गए हैं और अब सिर्फ बुजुर्ग ही रह गए हैं। हिमानी ने इस स्थिति को देखते हुए गांव के विकास और यहां के लोगों के कल्याण के लिए काम करने का संकल्प लिया है।

अभिनेत्री हिमानी ने कहा कि वह गांव के महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए कई योजनाएं तैयार कर रही हैं। इसके तहत वह बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, और गांववासियों के लिए अन्य सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में कार्य करेंगी। हिमानी शिवपुरी जल्द ही अपने मायके आएंगी और इन योजनाओं को लागू करने के लिए काम शुरू करेंगी।

भटवाड़ी गांव में पलायन की वजह से कई घरों में केवल बुजुर्ग रह गए हैं। ऐसे में हिमानी का यह कदम गांव के लोगों के लिए उम्मीद की किरण बन सकता है। गांववासियों ने उनकी इस पहल का स्वागत किया है और वे इस निर्णय से बहुत खुश हैं।

हिमानी शिवपुरी का करियर:

अभिनेत्री हिमानी भट्ट शिवपुरी का जन्म 26 अक्टूबर 1964 को रुद्रप्रयाग जनपद के अगस्त्यमुनि ब्लॉक के भटवाड़ी गांव में हुआ था। उनके पिता हरिदत्त भट्ट एक हिंदी शिक्षक थे और मां शैल भट्ट गृहिणी थीं। हिमानी ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा देहरादून से प्राप्त की और 1984-85 में कला फिल्मों से अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने अब तक 100 से अधिक फिल्मों में काम किया है और टेलीविजन शो में भी अपनी भूमिका निभाई है।

हिमानी शिवपुरी ने बॉलीवुड में अपनी शानदार अभिनय से एक खास पहचान बनाई है और अब वह अपने गांव के विकास के लिए सक्रिय रूप से काम करने जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *