नैनीताल: नैनीताल जिले के खूपी गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां कुमाऊं मोटर्स ऑनर्स यूनियन (केमू) की बस पलटने से एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 अन्य यात्री घायल हो गए।
यह हादसा सुबह करीब 7 बजे उस समय हुआ, जब बस हल्द्वानी से डीडीहाट की ओर जा रही थी। जैसे ही बस गेठिया पार कर खूपी गांव के पास पहुंची, एक तीव्र मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे के वक्त मची चीख-पुकार
बस संख्या यूके04पीए 1112 में कुल 15 यात्री सवार थे। हादसा होते ही बस में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के दौरान एक युवक बस के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
मृतक के पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला है, हालांकि एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है।
हादसे की वजह का अंदेशा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह बस के ब्रेक फेल होना या एक्सीलेरेटर फंसना बताया जा रहा है, जिससे बस की गति अनियंत्रित हो गई। हालांकि, वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
गौरतलब है कि खूपी क्षेत्र दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। बीते 21 मार्च को भी उन्नाव से जागेश्वर धाम जा रही श्रद्धालुओं की कार इसी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी।