देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से एचडीएफसी बैंक की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) योजना के तहत उपलब्ध कराई गई 4 अत्याधुनिक एम्बुलेंस का फ्लैग ऑफ किया। इन एम्बुलेंस के माध्यम से राज्य के दुर्गम इलाकों में रहने वाले लोगों को समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्यों में स्वास्थ्य सुविधाओं की समय पर उपलब्धता सबसे बड़ी चुनौती होती है और ऐसे में निजी संस्थाओं द्वारा जनहित में किया जा रहा सहयोग सराहनीय है। उन्होंने एचडीएफसी बैंक की इस पहल को सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जैसे पर्वतीय जिलों में कई गांव आज भी सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की दृष्टि से कठिन परिस्थितियों का सामना करते हैं। ऐसे क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं से लैस एम्बुलेंस मरीजों तक त्वरित चिकित्सा सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनभागीदारी और संस्थागत सहयोग के माध्यम से स्वास्थ्य ढांचे को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री धामी ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी एचडीएफसी बैंक राज्य के अन्य पर्वतीय जनपदों और आगामी हरिद्वार कुंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों के लिए CSR के तहत और एम्बुलेंस उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा, धार्मिक आयोजनों और आपदा की परिस्थितियों में ऐसी अत्याधुनिक एम्बुलेंस अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगी।
बैंक अधिकारियों ने जानकारी दी कि इन एम्बुलेंस में आधुनिक चिकित्सा उपकरण, आपातकालीन उपचार सुविधाएं और जरूरी स्वास्थ्य संसाधन उपलब्ध हैं। खास बात यह है कि आगामी तीन वर्षों तक प्रत्येक एम्बुलेंस में चिकित्सक, नर्स, अटेंडेंट और चालक की व्यवस्था भी एचडीएफसी बैंक द्वारा सुनिश्चित की जाएगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन प्रभावी ढंग से हो सके।
प्रारंभिक चरण में ये एम्बुलेंस चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जिलों में संचालित की जाएंगी। भविष्य में इनका उपयोग राज्य के प्रमुख धार्मिक आयोजनों, चारधाम यात्रा और आपदा प्रबंधन कार्यों में भी किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी, विनोद कंडारी, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, एचडीएफसी बैंक के ब्रांच बैंकिंग हेड नॉर्थ-3 मुस्कान सिंह, रीजनल हेड नॉर्थ-3 संजीव कौशिक, जोनल हेड उत्तराखंड बकुल सिक्का, स्टेट हेड उत्तराखंड गौरव जैन तथा आयुष सिंघल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।