उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही है। ताजा मामला नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र का है, जहां एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
रविवार सुबह करीब 6 बजे नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के जोगीवाला चौकी अंतर्गत मोहकमपुर IIP के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, युवक अनोद नौटियाल रोज की तरह सुबह अपने कुत्ते को टहलाने निकला था। तभी सामने से तेज रफ्तार और बेकाबू आ रही बोलेरो कैंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि बाद में आरोपी चालक ने थाने में जाकर सरेंडर कर दिया, लेकिन इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।
मृतक अनोद नौटियाल मूल रूप से कुथनौर गांव, विकासखंड नौगांव, जनपद उत्तरकाशी के निवासी थे। वह अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी, माता-पिता, दो छोटे भाई, एक बहन, एक वृद्ध दादी और तीन छोटे बच्चे—दो बेटियां और एक बेटा—शामिल हैं।
इस हादसे के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर आक्रोश है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी चालक ने नेहरू कॉलोनी थाना में सरेंडर कर दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन पीड़ित परिवार को क्या मुआवजा देता है और आरोपी के खिलाफ कितनी सख्त कार्रवाई की जाती है।
यह घटना एक बार फिर शहर में बेलगाम रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।