चमोली में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिविर का सफल आयोजन, छात्र-छात्राओं को मिला कानूनी ज्ञान और मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान

चमोली :  राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फरश्वाण फाट, हरमनी दशोली, चमोली में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिविर-2025 का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में  पुनीत कुमार, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चमोली ने प्रतिभाग किया।

शिविर का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर छात्र-छात्राओं को उनके अधिकारों और कानून से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ देना था। मुख्य अतिथि द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं को बाल श्रम, बाल विवाह, रैगिंग, कन्या भ्रूण हत्या, सड़क सुरक्षा, स्वच्छता और पोक्सो एक्ट जैसे समसामयिक व संवेदनशील विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने सरल और प्रभावी भाषा में इन विषयों की गंभीरता को समझाते हुए विद्यार्थियों को कानूनी रूप से जागरूक और सतर्क रहने का संदेश दिया।

शिविर के दूसरे चरण में वर्ष 2025 की परिषदीय परीक्षा और गृह परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए गए। हाईस्कूल परिषदीय परीक्षा 2025 में सर्वोच्च 91% अंक प्राप्त करने वाले छात्र विवेक को तथा इंटरमीडिएट परीक्षा में सर्वाधिक अंक लाने वाली छात्राओं कु. कोमल और सिमरन को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। इसके साथ ही गृह परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं दीया और अंकिता को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य हीर सिंह फरस्वाण की उपस्थिति में शिक्षकों और अभिभावकों का विशेष सहयोग देखने को मिला। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों —  खीम सिंह खत्री (प्रवक्ता, जीव विज्ञान),  गजेन्द्र सिंह फरस्वाण,  राजेन्द्र सिंह फरस्वाण, राजकिशोर सिंह,  प्रभात चन्द्र,  सुनील सिंह,  हरेन्द्र सिंह,  सुरेश कुमार, रमेश लाल, जगत सिंह फरस्वाण, राजेन्द्र सिंह रावत, प्रभा तोपाल,  अलका रावत, अनीता टम्टा,  अनीता रावत, मदन कपावाल, व बैशाख सिंह रावत आदि ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन कुशलता के साथ  खीम सिंह खत्री, प्रवक्ता (जीव विज्ञान) द्वारा किया गया।

यह विधिक सेवा शिविर न केवल जानकारीवर्धक रहा बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक प्रेरणास्रोत भी सिद्ध हुआ।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.