सौरभ बहुगुणा पहुंचे अग्निकांड प्रभावित फीताड़ी गांव, 14 परिवारों को ‘गोट वैली प्रोजेक्ट’ से जोड़ने का ऐलान

उत्तरकाशी जनपद के फीताड़ी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद राज्य सरकार सक्रिय नजर आ रही है। कैबिनेट मंत्री एवं जिला प्रभारी सौरभ बहुगुणा ने गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

अपने तीन दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान मंत्री सौरभ बहुगुणा सीधे फीताड़ी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने अग्निकांड से प्रभावित परिवारों का हालचाल जाना। उन्होंने जले हुए घरों और संपत्ति का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने 14 प्रभावित परिवारों को ‘गोट वैली प्रोजेक्ट’ से जोड़ने की महत्वपूर्ण घोषणा की।

मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी जल्द से जल्द बकरियों के वितरण की प्रक्रिया शुरू करें, ताकि पीड़ित परिवारों की आजीविका को मजबूत किया जा सके और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावितों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इस मौके पर ग्रामीणों ने मुआवजा, पुनर्वास और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के उपायों को लेकर अपनी समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। मंत्री ने सभी मुद्दों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि विकासखंड मोरी के फीताड़ी गांव में 23 मार्च की रात भीषण अग्निकांड हुआ था, जिसमें 8 आवासीय भवन और 6 अन्न भंडार पूरी तरह जलकर राख हो गए थे। इस हादसे में 3 गायों की भी जलकर मौत हो गई थी, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीआरएफ, राजस्व, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीमों को मौके पर भेजा। राहत एवं बचाव दलों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रण में किया।

सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों से अब प्रभावित परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है, वहीं प्रशासन भी पुनर्वास और भविष्य की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सतर्क नजर आ रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html