देहरादून: राजधानी देहरादून में लंबे समय से सक्रिय भूमि धोखाधड़ी गिरोह पर रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग लीडर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं, जबकि गैंग की चौथी सदस्य अंजली शर्मा अभी फरार है। इस पूरे गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और आपराधिक
नीरज शर्मा (गैंग लीडर): आरोपी नीरज शर्मा के खिलाफ थाना रायपुर, कैंट और प्रेमनगर में भूमि धोखाधड़ी से संबंधित कुल 7 मुकदमे दर्ज हैं।
आशु शर्मा (पत्नी): आरोपी आशु शर्मा, जो नीरज शर्मा की पत्नी है, के खिलाफ थाना रायपुर में 5 मुकदमे दर्ज हैं।
ज्योति पंवार: ज्योति के खिलाफ भी रायपुर थाने में भूमि धोखाधड़ी के 3 मुकदमे दर्ज हैं।
अंजली शर्मा (फरार): गैंग की चौथी सदस्य अंजली शर्मा की तलाश जारी है। उसके खिलाफ भी कई मुकदमों की जानकारी सामने आई है।
पुलिस की कार्रवाई:
रायपुर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज मामलों के आधार पर गिरोह के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने मुखबिर की सूचना के आधार पर रायपुर क्षेत्र से नीरज शर्मा, आशु शर्मा और ज्योति पंवार को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब फरार आरोपी अंजली शर्मा की तलाश में दबिश दे रही है।
एसएसपी का बयान:
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भूमि से संबंधित अपराधों में शामिल भू-माफियाओं के खिलाफ गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। रायपुर पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को इसी अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
देहरादून में पिछले कुछ वर्षों में भूमि धोखाधड़ी के मामलों में तेजी आई है। फर्जी दस्तावेजों के जरिए प्लॉट कब्जा करने, खरीद-फरोख्त में धोखा देने और कमजोर वर्ग के लोगों की जमीन पर अवैध कब्जे जैसे कई मामले सामने आए हैं। ऐसे में पुलिस की यह कार्रवाई भूमाफिया पर एक कड़ा संदेश है।