पुलिस थप्पड़ कांड : नर्सिंग विवाद पर भड़की महिला कांग्रेस, पुलिस मुख्यालय का किया घेराव
देहरादून में नर्सिंग भर्ती विवाद से पैदा हुआ तनाव आज एक बार फिर उबाल पर पहुंच गया, जब नर्सिंग बेरोज़गार युवतियों पर महिला पुलिसकर्मी द्वारा की गई कथित अभद्रता और थप्पड़ मारने की घटना के विरोध में उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने पुलिस मुख्यालय का घेराव किया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से एक बड़ा जुलूस निकला, जिसमें नर्सिंग बेरोज़गार युवतियों की संख्या भी उल्लेखनीय थी। पूरा मार्ग सरकार के खिलाफ नारेबाज़ी और विरोध के स्वर से गूंजने लगा।
पुलिस ने मुख्यालय से काफी पहले ही भारी बैरिकेडिंग कर दी थी, ताकि प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका जा सके। लेकिन महिला कांग्रेस की नेताओं ने बैरिकेडिंग के सामने ही धरना शुरू कर दिया और कुछ कार्यकर्ता नारे लगाते हुए बैरिकेडिंग पर चढ़ भी गईं। इसी दौरान सरकार के विरोध में पुतला दहन किया गया, जिससे मौके पर माहौल और गर्म हो गया। पुलिस ने बाद में प्रदर्शनकारियों को गाड़ियों में बैठाकर एकता विहार में छोड़ दिया।
