ब्रिगेडियर हत्याकांड में पुलिस का एक्शन तेज: दो और आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल

देहरादून में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत से जुड़े चर्चित हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को गोली भी लगी है।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल के अनुसार, शुक्रवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि दो आरोपी गुनियाल गांव क्षेत्र में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, लेकिन आरोपियों ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि दूसरे को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

घायल आरोपी की पहचान मोहम्मद कवीश निवासी खालापार, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है, जिसे गोली लगी है। वहीं, दूसरे आरोपी शांतनु त्यागी निवासी बेहट, सहारनपुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से पहले पुलिस इस मामले में सात आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी।

गौरतलब है कि रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी (75) अपने साढ़ू और एक परिचित के साथ सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। वे अपने घर से करीब 200 मीटर ही आगे बढ़े थे कि मसूरी रोड पर तेज रफ्तार से आ रही दो कारों में सवार युवकों के बीच अचानक फायरिंग शुरू हो गई।

इस दौरान चली एक गोली ब्रिगेडियर जोशी के सीने में जा लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह वारदात शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html