देहरादून। आगामी कुम्भ मेला की तैयारियों के बीच उत्तराखंड शासन ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस बदलाव को कानून-व्यवस्था और कुम्भ व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार योगेन्द्र सिंह रावत को पुलिस महानिरीक्षक (IG) कुम्भ मेला की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं आयुष अग्रवाल को कुम्भ मेला का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बनाया गया है। इससे पहले वे टिहरी में एसएसपी के पद पर तैनात थे।
टिहरी में अब नई कप्तान के रूप में श्वेता चौबे को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा अशोक भदाणे विशाखा को आईआरबी द्वितीय का सेनानायक नियुक्त किया गया है।
शासन की ओर से सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने-अपने पदों का कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि यह बदलाव विशेष रूप से कुम्भ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और बड़े स्तर पर भीड़ प्रबंधन को सुचारू बनाने के उद्देश्य से किया गया है।
प्रशासन का मानना है कि अनुभवी अधिकारियों की तैनाती से कुम्भ जैसे विशाल आयोजन में सुरक्षा और व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित की जा सकेंगी।