दलित युवक हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक चार पहुंचे सलाखों के पीछे

टिहरी/देहरादून। टिहरी जिले के लंबगांव क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते हुए चर्चित दलित युवक हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही इस सनसनीखेज हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।

पुलिस के अनुसार घटना के बाद से ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश और तकनीकी निगरानी की जा रही थी। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पिकअप चालक भी निकला हत्या की साजिश में शामिल

पुलिस ने तीसरे आरोपी सचिन पंवार (27 वर्ष) पुत्र प्यार सिंह पंवार निवासी खोलगढ़ वल्ला, तहसील प्रतापनगर, थाना लंबगांव को गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे चौंधरी तिराहा लंबगांव से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया है कि आरोपी घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन का चालक था और हत्या की वारदात में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मुख्य आरोपी के साथ रह रहा था चौथा आरोपी

पुलिस ने चौथे आरोपी सुमित प्रसाद (21 वर्ष) पुत्र सुरेशानंद निवासी ग्राम धान्यो, मयाली, थाना अगस्त्यमुनि, जिला रुद्रप्रयाग को भी गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वह मुख्य आरोपी यशवीर सिंह पंवार के साथ जेसीबी मशीन पर कार्य करता था और खोलगढ़ स्थित उसके मकान में किराये पर रह रहा था।

पुलिस टीम ने देर रात करीब 10:15 बजे उक्त मकान पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद के चलते दलित युवक की हत्या की गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में काफी आक्रोश देखने को मिला था, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच शुरू की।

चार आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस का कहना है कि मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *